सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के सेमिया गांव में सोमवार की दोपहर बाद सवारियों से भरी टेंपो अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में टेंपो सवार निशा (37) की मौत हो गई। पति सुनील पांडेय सहित छह लोग घायल हो गए। उपचार के लिए सभी को चोपन सीएचसी पहुंचाया गया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पेटराही निवासी सुनील पांडेय पत्नी निशा के साथ एमपी के देवसर (सिंगरौली) रिश्तेदारी में गए हुए थे। वहां से वह सोमवार को टेंपो से वापस हो रहे थे। वाहन पर उनके साथ अन्य लोग भी सवार थे।
जुगैल पुलिस को दी तहरीर में सुनील ने बताया कि दोपहर बाद साढ़े तीन बजे के करीब जैसे ही टेंपो सेमिया गांव के छितिकपुरवा टोले के पास पहुंची। चालक उसे तेजी से चलाते हुए गलत साइड में चला गया। इसके चलते टेंपो अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इससे उस पर सवार सभी यात्री घायल हो गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों की मदद से सभी को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने निशा को देखते ही मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक जुगैल एसपी वर्मा के मुताबिक मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है।