सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर 10 ओबरा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रुपये के लेन-देन के विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर तीन लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें दोनों सिपाही घायल हो गए। सिपाहियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। सूचना पर मौके पर फोर्स भेजी गई, तब तक तीनों आरोपी फरार हो गए। इस मामले में तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई।
ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर 10 निवासी रविंद्र यादव ने शनिवार की सुबह थाने में तहरीर दी कि उसके भाई बबुंदर यादव से मामा शिव लाल, लाल चंद व इंद्रदेव से रुपये के लेन-देन का विवाद है। आरोप लगाया कि कई बार पैसे मांगने के बावजूद वे वापस नहीं कर रहे हैं। इसके बाद दो पुलिस कर्मियों की टीम जांच के लिए दूसरे पक्ष के घर पहुंची।
आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही लालचंद, शिव लाल व इंद्रदेव ने पथराव कर दिया। घटना में कांस्टेबल विनोद तिवारी और सुदीप सिंह घायल हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए। सूचना पर थाने से फोर्स पहुंच गई। लेकिन, तब तक आरोपी फरार हो गए थे। एडिशनल एसपी ओमप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आज सुबह रविंद्र के प्रार्थना पत्र पर पुलिस जांच करने गई थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष ने पथराव कर दिया। इसमें दो सिपाही घायल हुए हैं। इनका उपचार कराया जा रहा है। आरोपियों पर वादी पक्ष के मुकदमे के साथ पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।