रेलवे स्टेशन बिल्ली के परिसर में गिट्टी का अवैध भंडारण पाया गया है। खान अधिकारी आरपी सिंह ने इसे रायल्टी चोरी मानते हुए डीटीएम चोपन और जीएम धनबाद को पत्र जारी कर इसे रायल्टी चोरी बताया है। साथ ही 21 लाख रुपये रायल्टी का रकम जमा कराने की बात कही है।
खान अधिकारी आरपी सिंह के मुताबिक सोमवार शाम छह बजे वह बिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे तो देखा कि गिट्टी का अलग-अलग ढेर स्टेशन पर पड़ा। साथ 59 बोगियों वाली मालगाड़ी भी खड़ी है। जांच में पता चला कि गिट्टी मालगाड़ी में लोड करने की तैयारी चल रही है। वहां मौजूद लोगों से गिट्टी का कागजात मांगा तो वह लोग कोई परमिट या अन्य कागज नहीं दिखा जा सके। पूछताछ में पता चला कि गिट्टी छत्तीसगढ़ जाएगी। खान अधिकारी ने सर्वेयरों की साथ जांच-पड़ताल की तो करीब 22 सौ घनमीटर गिट्टी मिलने की पुष्टि हुई। इसको रायल्टी चोरी और अवैध भंडारण मानते हुए संबंधितों को पत्र जारी किया गया है। साथ ही कहा है कि गिट्टी लादने से पूर्व खान विभाग से परमिट आदि का सत्यापन कराएं। उधर, रेल पथ निरीक्षक ओबरा बीके सिंह का कहना था कि स्टेशन के पास खदान क्षेत्र है।
वाराणसी की काशी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से गिट्टी को परिसर के पास भंडारण करवाया गया था। लोडिंग नहीं हुई थी, न ही रेलवे ने गिट्टी को अपने कस्टडी में लिया है। लोडिंग के समय धनबाद के अधिकारी आकर परमिटों एवं अन्य कागजातों की पड़ताल करते हैं, तभी गिट्टी लोड कर कहीं भेजी जाती है। अभी इस मामले से रेलवे का कोई लेना-देना नहीं है।