थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लैंको कालोनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की दोपहर दूसरी बाइक पर सवार महिला से पैंतीस हजार रुपये छिन लिए। महिला एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर घर लौट रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी बंदी की। साथ ही बैंक के सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी सुराग ढूंढने की कोशिश की। देर शाम तक पुलिस के हाथ खाली ही रहे।
रेहटा निवासी जैतून गुप्ता (50) अपने दामाद स्वतंत्र कुमार और बेटी दुर्गावती के साथ सोमवार की सुबह अनपरा परियोजना आवासीय परिसर स्थित एसबीआई शाखा से रुपये निकालने आई हुई थी। दोपहर एक बजे के करीब यहां से रुपये निकालकर बेटी-दामाद के साथ बाइक से घर जा रही थी। रुपये उसने पॉलिथीन में रखे थे।
जैसे ही वह आवासीय परिसर से निकलकर लैंको कालोनी के सामने पहुंची, रुपये वाली पॉलिथीन छिनकर उचक्के फरार हो लिए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। तत्काल मामले की जानकारी अनपरा एसओ देवप्रकाश यादव को दी गई। पुलिसकर्मियों ने पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाने के बाद बैंक जाकर सीसी फुटेज भी खंगाला। एसओ देवनाथ यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसी फुटेज देखा गया लेकिन उससे कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग पाया है।