वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग की पटरियों पर जमा बालू वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। बिना ढके परिवहन हो रहे ट्रकों से बालू सड़क पर गिर रहा है। इससे बाइक और साइकल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। नाराज एसपी ने बुधवार को सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बगैर ढके बालू-भस्सी की ढुलाई पर ट्रकों को सीज करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतक कंपनी के अधिकारियों को तत्काल पटरियों से बालू हटाने के लिए पत्र भेजा है।
बता दें कि किलर रोड की नाम से कुख्यात डाला से सुकृत के बीच वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के दोनों तरफ की पटरियों पर दो से तीन इंच बालू की परत जमी है। चोपन, कोटा, करगरा सहित अन्य बालू साइटों से ट्रक ओवरलोड बालू की ढुलाई करते हैं। भीषण गर्मी और लू के चलते बालू सड़क के किनारे पटरियों पर जम गए हैं।
पूर्व में जिला प्रशासन ने बगैर तिरपाल ढके बालू, कोयला, गिट्टी, भस्सी का परिवहन करने पर सख्त रोक है। फिर भी उपसंभागीय परिवहन विभाग, खान विभाग और पुलिस न मौन धारण किए हुए हैं। एसपी रामलाल वर्मा कहा कि उन्होंने सभी थाना और चौकी इंचार्जों को तिरपाल के बिना बालू या अन्य मैटेरियल ले जाने वाले ट्रकों को सीज करने को कहा है।
बताया कि उन्होंने चेतक कंपनी के अधिकारियों को कहा है कि तत्काल सड़कों पर जमे बालू को साफ कराएं। कहा कि चेतक कंपनी पटरियों पर जमी बालू को नहीं हटाती है तो हादसा होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।