आरटीएस क्लब चौराहे के समीप समाजवादी पार्टी के कार्यकर्तााओं ने प्रदर्शन किया और नारे लगाकर विरोध प्रकट किया। बता दें कि हर घर जल योजना को लेकर सपा लगातार हमलावर है आरोप है कि इसमें कार्य की कमियां हैं।
आरटीएस क्लब चौराहे पर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का पोस्टर लेकर नारेबाजी की और हर घर जल योजना की विफलता को उजागर किया।
विज्ञापन
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री संजीव गोंड स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन उनके ही विधानसभा क्षेत्र के लोग अब भी गंदे नाले और चुआड़ (प्राकृतिक जलस्रोत) का पानी पीने को मजबूर हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि संजीव गोंड पिछले आठ वर्षों से विधायक हैं, लेकिन उनके क्षेत्र में आदिवासी समुदाय को स्वच्छ पेयजल तक नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में सदर विधायक भूपेश चौबे ने दावा किया था कि हर घर जल योजना का लाभ सभी को मिल रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। सोनभद्र के कई इलाकों में अब भी लोग अशुद्ध पानी पीने को मजबूर हैं। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सरकार के दावों और हकीकत में बड़ा अंतर है।
विज्ञापन
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी, जुनैद अंसारी, दीपक पटेल, सूरज भारती, उमेश चौधरी, गोपाल गुप्ता समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।