बाराती नाच रहे थे, सबकुछ पूरे उत्साह से भरा हुआ था। दूल्हे के फूफा इसी बीच अचानक गिर जाते हैं और मौके पर अफरा तफरी मच जाती है। बाद में जब उन्हें चिकित्सालय ले जाया जाता है तो डाक्टर उन्हें मृत घोषित कर देते हैं। खुशियों का माहौल मातम में बदल जाता है।
कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में सोमवार की रात बरात में आए दूल्हे के फूफा की मौत हो गई। नाचते हुए वह गश खाकर गिरा और कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से लोग सकते में हैं। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के धनवार गांव से रामबचन की शादी के लिए दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में सोमवार की रात बरात आई थी। बरात में बैना निवासी दूल्हे का फूफा जीत सिंह (33) पुत्र गनेशी भी आया हुआ था। गांव में बरात पहुंचने के बाद द्वारपूजा की रस्म हुई।
सभी शादी के जश्न में डूबे हुए थे। डांस करते समय जीत सिंह अचानक गश खाकर गिर गया। यह देखते ही बरात में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक वाहन चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।