सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को हाइडिल मैदान स्थित धान क्रय केंद्र पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाइब्रिड धान की खरीद न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद हुई सभा में सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि ब्लाकों पर हाइब्रिड बीज तो दिया गया लेकिन जब किसानों ने हाइब्रिड धान पैदा कर दिया तो सरकार धान लेने से कतरा रही है।
किसान महीनों से अपना धान क्रय केंद्रों पर लेकर खड़े हैं। प्रमोद यादव ने कहा कि अगर हाइब्रिड धान क्रय खरीद नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर सरकार के विरोध में धरना देंगे। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी, अजीत मौर्या ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों का शोषण कर रही है और आवाज उठाने पर मुकदमा की धमकी दी जाती है। वर्तमान सरकार में एक-एक किसान परेशान और बेबस है। कार्यकर्ताओं ने हाइब्रिड धान की खरीद शुरू कराने की मांग की है। इस मौके पर सुरेश अग्रहरि, मुन्ना कुशवाहा, गोपाल गुप्ता, मोती कोल, राकेश भारती, मंदीप पटेल, नवीन पांडे, हीरा सोनकर, दीपक यादव, धीरज विश्वकर्मा, मनोज प्रजापति मौजूद रहे।