जिले के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को हो रही असुविधा से नाराज सपा कार्यकर्ताओं शुक्रवार को जिला मुख्यालय (राबर्ट्सगंज) स्थित रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन कर आवाज उठाई।
रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंप जिले के सभी स्टेशनों पर यात्रियों को शुद्ध पेयजल, सुरक्षा, बैठने की जगह एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
अगुवाई कर रहे नगर अध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बैठने के लिए बने कक्ष में ताला लटकता रहता है। जबकि केंद्र सरकार ने रेलवे स्टेशनों की दुर्व्यवस्थाओं को दूर करने का वादा किया था।
स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था न होने से यात्री खुद को असुरिक्षत महसूस करते हैं। मनोज केशरी ने कहा कि स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, प्रकाश, शौचालय की व्यवस्था न होने से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशनों पर दूषित पानी का सेवन करने से यात्रियों को संक्रामक रोग का शिकार होना पड़ रहा है।
सुरेश अग्रहरि, जय प्रकाश सोनी और राकेश ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे स्टेशनों पर व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं को दूर करने में दिलचस्पी नहीं दिखाती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। इस मौके पर मुकेश, मुमताज आलम, दिनेश, दुर्गा सिंह, सुन्ना भाई, तौफिक, मुकेश आदि रहे।