विंढमगंज। झारखंड व छत्तीसगढ़ सीमा से सटे विंढमगंज थाना परिसर में बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बैठक की। इसमें आसपास के कुल 32 गांवों के चौकीदार शामिल रहे। एसपी ने सभी चौकीदारों से कहा कि छोटी-बड़ी सभी घटनाओं पर नजर रखें। कोई भी सूचना हो तो तत्काल पुलिस को बताएं।
थाने का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी ने शस्त्रागार, अभिलेखागार, कंप्यूटर कक्ष, बैरक, मेस व महिला हेल्प डेस्क केयर का मुआयना किया। चौकीदारों के साथ बैठक में गांव की सूचना अपने बीट के सिपाहियों के माध्यम से देते रहने और गांव में आने वाले नए-नए लोगों पर निगरानी रखने को कहा। इसके साथ ही गांव में चोरी करने वाले, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले, अवैध मिट्टी खनन व बालू खनन करने वालों पर निगरानी रखते हुए स्थानीय प्रशासन को समय समय पर सूचना देते रहने का निर्देश दिया। चौकीदारों को ठंड से बचने के लिए कंबल का भी वितरण किया। इस मौके पर थाना प्रभारी बृजमोहन सरोज आदि मौजूद थे।