अनपरा के गेस्ट हाउस मोड़ पर गड्ढों में तब्दील रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग।
गड्ढों में तब्दील हो चले रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग की सुध अब जाकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने ली है। सड़क की हालत सुधारने के लिए अधीक्षण अभियंता मुख्यालय को आवश्यक निर्देश दिया है। इसका असर यह हुआ है कि सड़क मरम्मत का काम शुरू हो गया। एक्सईएन मिर्जापुर संजीव पुष्प का कहना है कि सड़क को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार से रेणुकूट से गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।
झारखंड के विलासपुर सीमा पार करते हुए विंढमगंज, दुद्धी, हाथीनाला, रेणुकूट, अनपरा होते हुए रीवा-रांची मार्ग (75ई) सिंगरौली की तरफ निकल जाती है। स्थिति यह है कि रेणुकूट से लेकर अनपरा, दुल्लापाथर तक सड़क जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। अनपरा में हालात सबसे ज्यादा खराब है। काशी मोड़, गेस्ट हाउस मोड़ पर जरासी बारिश से ही चलना मुश्किल हो जाता है। इसको लेकर कई बार आवाज उठी।
अनपरा के लोगों ने पखवारे भर पूर्व केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को शिकायत भेज कर कार्रवाई की मांग की। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए गत पांच अक्तूबर को मंत्रालय से यूपी, उत्तराखंड का प्रभार देखने वाले एनएचएआई के अधीक्षण अभियंता धीरज को कार्रवाई का निर्देश जारी कर दिया गया। वहां से भी तेरह अक्तूबर को लखनऊ में तैनात एनएचएआई के एसई दिग्विजय मिश्रा से रिपोर्ट तलब कर ली है।