बीना में पांच दिन पहले हुई युवक की हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अधिकतर आरोपी नाबालिग हैं। इनके जन्म से जुड़े प्रमाणपत्रों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना को मारपीट के एक वीडियो को पूर्व में वायरल करने व दोबारा सार्वजनिक करने की धमकी से जोड़कर बताया है। पुलिस के मुताबिक मृतक सोनू कुशवाहा (19) पुत्र शंभू की क्षेत्र के रहवासी के कुछ किशोरों से दोस्ती थी।
सोनू व एक दोस्त के बीच सालभर पहले मामूली मारपीट हुई थी। इसका वीडियो उस समय सोनू ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इसी वीडियो को सोनू दोस्तों के बीच अक्सर शेयर करता था और फिर मारने की धमकी देता था।
इससे एक आरोपी को यह लगने लगा कि वह मान मर्यादा पर ठेस पहुंचा रहा है। इसी के बाद योजना बनाई गई। 28 मई की रात एक नाबालिग दोस्त ने सोनू को पार्टी के नाम पर घर से बुलाकर ले गया। एक जगह पर शराब उसे शराब पिलाई गई।
इसी दौरान कुछ और साथी वहां पहुंच गए। नशे की हालत में सोनू को एनसीएल बीना के महाप्रबंधक कार्यालय के पीछे ले जाया गया और वहां उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।
मौत की पुष्टि के लिए यह हमला दोहराया गया और पूरी तरह से तसल्ली के बाद सोनू के शव को नाले की झाड़ियों में फेंक आरोपी फरार हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद एक आरोपी अपनी बाइक लावारिस छोड़कर भाग गया, जिसे घटना की रात पुलिस ने बरामद कर लिया।
इसी बाइक से घटना के तार जुड़े और एक एक कर सबकुछ बेपरदा होता गया। क्षेत्राधिकारी पिपरी अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों पर पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।