म्योरपुर/डाला/दुद्धी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। म्योरपुर के धनखोर गांव में दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि चोपन थाना क्षेत्र के गड़वानी गांव में एक बालक की संदिग्ध हालात में मौत हुई। उसका शव झाड़ियों में मिला। ट्रैक्टर से दबकर मौत होने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर मोड़ के पास रविवार की देर शाम दो बाइकों की आपस में हुई टक्कर में सुरेश (18) पुत्र मोतीलाल निवासी करमहल टोला, बभनी की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में कृष्ण कुमार (22) पुत्र रामजियावन व कौशल्या देवी (40) पत्नी रामजियावन निवासी कोंगा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया है। घायलों ने बताया कि दुद्धी से कोंगा जाते समय धनखोर मोड़ के समीप सामने से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। डाला: चोपन थाना क्षेत्र के गड़वानी गांव में सोमवार की रात करमा नृत्य का आयोजन हुआ था। उसे देखने के लिए संतोष (6) पुत्र बीरबल गया था। रात को जब घर वापस नहीं लौटा तो उसकी मां सुबह होते ही करमा स्थल पर जा पहुंची, जहां उसे पता चला कि संतोष वहां से घर के लिए चला गया है। जब वह घर आ रही थी तभी रास्ते में कुछ लोगों ने बताया कि संतोष का शव झाड़ियों में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चोपन थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि गांव वालों के मुताबिक बालक की मौत ट्रैक्टर के चपेट में आने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर बालक की मौत का कारण पता चल जाएगा। दुद्धी: कस्बे के पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के पास बाइक व साइकिल में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार सैफ पुत्र अब्दुल्ला निवासी कस्बा दुद्धी व साइकिल सवार बासुदेव यादव (55) पुत्र रंगीन यादव निवासी आरंगपानी घायल हुए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।