सोनभद्र से एक बड़े हादसे की खबर है। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर एक रोडवेज बस मारकुंडी घाटी में पलट गई। यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटने से 21 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर बुधवार की अलसुबह भीषण हादसा हुआ। यात्रियों से भरी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर मारकुंडी घाटी के पास गहरी खाई में पलट गई। हादसे में बस सवार 21 यात्री घायल हुए हैं। इसमें नौ महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में ज्यादातर अनपरा-शक्तिनगर में स्थित परियोजना कॉलोनियों के निवासी हैं। डीएम और रोडवेज के एआरएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चालक-परिचालक घटना के बाद से फरार हैं।
यह भी पढ़ें- Varanasi Accident: डायल 112 पुलिस वैन में ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, तीन पुलिस कर्मी घायल, एक की हालत गंभीर
विज्ञापन
Sonebhadra Accident
- फोटो : अमर उजाला
विन्ध्यनगर डिपो की बस (यूपी64 एपी 9695) सवारियों को लेकर मंगलवार की रात करीब 12 बजे वाराणसी से रवाना हुई। बस को चालक उमाशंकर पटेल चला रहा था। परिचालक के रूप में दिलीप की तैनाती थी। बुधवार की भोर में करीब तीन बजे बस लोढ़ी टोल प्लाजा से आगे बढ़ी। इसके कुछ देर बाद ही चोपन थाना अंतर्गत मारकुंडी घाटी में अंतिम मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुबह डीएम चंद्र विजय सिंह, सीओ राहुल पांडेय, सोनभद्र डिपो के एआरएम विश्राम जिला अस्पताल पहुंचे। डीएम ने घायलों का हाल जाना और घटना के बारे में जानकारी ली। एआरएम विश्राम ने बताया कि घटना के बाद से चालक-परिचालक फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। घायलों को बेहतर उपचार कराने के साथ ही क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी।