वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर पटवध गांव के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बाइक सवार मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक से उछलकर सड़क पर गिरी महिला को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया।
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर पटवध गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा पुत्र बाल-बाल बच गया। टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
चोपन नगर स्थित काली मंदिर के पुजारी के परिवार की दुर्गावती देवी पत्नी कमलेश तिवारी (42) अपने पुत्र रिशु तिवारी के साथ बाइक से राबर्ट्सगंज स्थित भवानीपुर गांव जा रही थी। पटवध स्थित नाले पर पुलिया पार करने के बाद अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई।
घटना में बाइक चला रहा पुत्र रिशु तिवारी बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चोपन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।