सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में भूमि विवाद में 11 लोगों की हुई हत्या की जांच कर रही एसआईटी ने जांच तेज कर दिया है। सोमवार को लखनऊ से एसआईटी के तीन इंस्पेक्टर समेत चार सदस्यीय टीम राबर्ट्र्सगंज पहुंच कर घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्र करने में जुट गई।
गौरतलब हो कि 17 जुलाई को उभ्भा गांव में आदर्श कृषि सहकारी समिति की विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। इसमें प्रधान पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 11 लोगों की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस 55 से अधिक हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है। जबकि एसपी ने फरार चल रहे 13 अभियुक्तों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर उन्हें पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की है। वहीं मुख्यमंत्री के आदेश पर उभ्भाकांड की जांच कर रही एसआईटी ने भी जांच तेज कर दिया है। क्योंकि एसआईटी को तीन माहके भीतर जांच कर सीएम को रिपोर्ट सौंपनी है। सोमवार की शाम को एसआईटी की चार सदस्यीय टीम राबर्ट्सगंज पहुंच कर समिति के भूमि संबंधित पत्रावली आदि के बारे में साक्ष्य एकत्र करने में जुट गई। सूत्रों की मानें मंगलवार को एसआईटी टीम घोरावल तहसील, कलेक्ट्रेट में समिति के भूमि से संबंधित पत्रावलियों के बारे में जानकारी लेगी। इसके अलावा उभ्भा जाकर पीड़ितों से मिल कर उनका बयान भी दर्ज कर सकती है। उधर एसआईटी के जिले में धमकने से तहसील से जुड़े कुछ कर्मियों की नींद हराम हो गई है, क्योंकि उनसे पत्रावलियों के बारे में पूछताछ की जा सकती है।