सोनभद्र। नगर स्थित राजा शारदा महेश इंटर काॅलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की 25वीं मंडलीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में दूसरे दिन विभिन्न मुकाबले हुए। दौड़, कूद की स्पर्धाओं में बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रतिभागियों ने पुरस्कार जीता।
तियरा विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जबकि विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक प्रतियोगिता हुई। दूसरे दिन बाधा दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर और 1500 मीटर की दौड़ की प्रतियोगिता हुई। दौड़ की 100 मीटर वरिष्ठ बालक वर्ग में सोनभद्र के नितिन सिंह ने पहले स्थान पर जगह बनाया। मिर्जापुर के विपुल कुमार बिंद दूसरे स्थान पर रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने सभी विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मिर्जापुर से आए पीटीआई सतीश सिंह, किशोर सिंह, कौशल सिंह, राजकुमार और भदोही से आए चंद्रबली सिंह, राजेश सिंह ने प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर उन्हें बधाई दिया।