सोनभद्र। जिले में बारिश का बृहस्पतिवार को व्यापक असर देखने को मिला। पूरे दिन रूक-रूककर हुई बारिश की वजह से सड़क पर लोग कम दिखे। सरकारी दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी तो किसी तरह पहुंच गए लेकिन फरियादी नाममात्र के थे। बिजली विभाग के दफ्तर में जहां सामान्य दिनों में लोगों की भीड़ रहती है वहां महज दो-चार लोग ही मिले। यही स्थिति नगर पालिका कार्यालय, बिजली और लोक निर्माण विभाग के दफ्तर में भी रही। बारिश के दौरान कार्यालय का हाल जानने अमर उजाला की टीम वहां पहुंची तो भीड़ से गुलजार रहने वाले कार्यालयों में भी सन्नाटा था। फरियादियों के न होने से ज्यादातर कर्मचारी अपने लंबित काम निपटाने में मशगूल रहे। (संवाद)
समय: 2:00 बजे
स्थान: बिजली कार्यालय, हाइडिल मैदान।
सामान्य दिनों में सुबह दस बजे से शाम तक उपभोक्ताओं की भीड़ से गुलजार रहने वाले बिजली कार्यालय में सन्नाटा रहा। कैश काउंटर पर बिजली बिल जमा करने के लिए एक भी उपभोक्ता नहीं थे। बिल में संशोधन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से तीन-चार लोग जरूर आए थे। एक्सईएस एसके सिंह अपने कार्यालय में फरियादी की समस्या सुनते नजर आए। कार्यालय में अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
समय: 2:20 बजे
स्थान: नगर पालिका परिषद कार्यालय सोनभद्र।
यहां गेट पर दोनों हाथों को सैनिटाइज कराकर अंदर प्रवेश दिया गया। अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। पूछने पर पता चला कि वे जरूरी काम से कलेक्ट्रेट गए हुए हैं। डीपीएम नीरज कुमार सहित अन्य कर्मचारी अपनी सीट पर उपस्थित थे और विभागीय कार्य कर रहे थे। बारिश की वजह से यहां एक भी बाहरी व्यक्ति नहीं दिखा। कर्मचारियों ने बताया कि चेयरमैन वीरेंद्र जायसवाल भी कार्यालय आ रहे हैं।
समय: 2:35 बजे
स्थान: पीडब्लूडी प्रांतीय खंड कार्यालय
शहर के न्यू मार्केट स्थित इस कार्यालय में एक्सईएन चंद्रप्रकाश मौजूद मिले। वह विभागीय कर्मचारियों के साथ वार्ता कर रहे थे। उनके कार्यालय से सटे अन्य कमरों में लोक निर्माण विभाग के अन्य कर्मचारी अपनी सीट पर मौजूद होकर विभागीय काम कर रहे थे। एक्सईएन ने बताया कि जो सड़कें गड्ढायुक्त है, उनकी सूची अवर अभियंताओं से मांगी गई है। इसके बाद शासन में भेजी जाएगी।