गणतंत्र दिवस पर दिए जाने वाले वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल) के लिए सोनभद्र के एसपी अशोक कुमार मीणा को चुना गया है। उन्हें यह पदक वर्ष 2019 में बतौर एएसपी बरेली में तैनाती के दौरान अपने अदम्य साहस और वीरता के प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाएगा।
घटना सात जनवरी 2019 को सुबह साढ़े पांच बजे की थी। बरेली शहर के बीचोबीच कोहड़ापीर पुलिया के पास बाइक सवार छह बदमाशों ने सराफ अनूप अग्रवाल के मुंशी सुमित को गोली मारकर 15 लाख रुपये लूट लिए थे।
इस घटना के करीब आठ घंटे बाद ही पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को मार गिराया था। उनके पास से लूट के रुपये भी बरामद किए थे। इस ऑपरेशन का नेतृत्व एएसपी अशोक कुमार मीणा ने किया था। इस दौरान उनके बॉडी प्रोटेक्टर में भी गोली लगी थी।
कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। महज आठ घंटे के अंदर पुलिस को मिली इस सफलता ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। वीरता पदक के लिए चुने जाने पर अशोक कुमार मीणा ने शासन का आभार जताया। इसका श्रेय अपनी टीम के सभी साथियों और वरिष्ठ अधिकारियों को दिया।
यह पुरस्कार मेरा आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाएगा। कर्तव्यों को और अधिक समर्पण व निडरता से निभाने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही समाज और देश की सेवा में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगा।
-अशोक कुमार मीणा, एसपी।