सोनभद्र। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा बुुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। प्रथम पाली में 11 और दूसरी पाली में छह केंद्रों पर परीक्षा हुई। दोनों पालियों में कुल 8670 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 8049 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 701 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुछ केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र प्रमाणित न होने के नाते तकरार भी हुई लेकिन बाद में पुलिस ने मामला शांत करा दिया।
जिले में प्रथम पाली में सुबह दस बजे से 12 बजे तक प्राथमिक स्तर की और दोपहर बाद ढाई बजे से पांच बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा कराई गई। पहले पाली में 11 केंद्रों और दूसरी पाली में छह केंद्रों पर परीक्षा हुई। प्रशासन ने राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज, आदर्श इंटर कालेज, संत कीनाराम पीजी कालेज, विंध्य कन्या पीजी कालेज, संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डीएवी सीनियर सेकेंड्री स्कूल, संत जोसेफ, प्रकाश जीनियस इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया था। परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल, इलेक्ट्रानिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में नहीं ले जाने दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के मुताबिक प्रथम पाली में 11 केेंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 5898 परीक्षार्थियों में से 5521 परीक्षार्थी उपस्थित और 457 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में छह केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 2772 परीक्षार्थियों में से 2528 परीक्षार्थी उपस्थित और 244 उपस्थित रहे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किये गए थे। स्ट्रांग रूम ट्रेजरी को बनाया गया है। परीक्षा में जाने से पूर्व परीक्षार्थियों की जांच के दौरान कुछ के प्रवेश पत्र प्रमाणित नहीं पाए गए। इस पर परीक्षकों ने उन्हें अंदर जाने से मना किया तो परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया और उनकी कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि बाद में पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया।