सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव में सोमवार को सड़क हादसे में घायल सफाई कर्मी रामप्रवेश (41) की वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ले जाते वक्त मौत हो गई। मंगलवार को शव लेकर घरवाले जिला अस्पताल लोढ़ी पहुंचे। नाराज सफाई कर्मियों ने मृतक के आश्रित को नौकरी, उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर हंगामा किया। सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, डीपीआरओ आरके भारती ने कर्मियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
अलसुबह से जिला अस्पताल में सफाई कर्मियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह नौ बजे सफाईकर्मी अधिकारियों के मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह ने कहा कि अधिकारी मौखिक कर्मियों को कहीं भी काम करने के लिए भेज देते है। लेकिन अब लिखित आदेश होने पर ही कर्मी अपने तैनाती वाले स्थान से दूसरे जगहों पर काम करने के लिए जाएंगे। कहा कि प्रशासन शीघ्र मृतक के रामप्रवेश के बेटे को नौकरी देने के साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि तत्काल मृतक आश्रित को नौकरी देते हुए अन्य भुगतान किया जाए। उधर पोस्टमार्टम हाउस पर कर्मियों के हंगामा करने की सूचना मिलते ही सीडीओ, डीपीआरओ, कोतवाल मिथिलेश मिश्रा पहुंच गए। सीडीओ ने कहा कि कर्मियों की जायज मांगों को जल्द पूर्ण कराते हुए हरसंभव मदद कराई जाएगी। दोपहर बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। कोतवाल ने कहा कि मृतक के घरवाले बाइक चालक के खिलाफ जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा कायम कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।