सोनभद्र। खाद्य एवं रसद विभाग विभाग की जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई। इसमें डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अनुरूप पात्रों को खाद्यान्न मुहैया कराया जाय। अधिनियम के अनुरूप सभी पात्रों को खाद्यान्न के साथ ही अन्य सहयोगी विभागों द्वारा अनुमन्य सुविधाएं बच्चों को मॉ के गर्भ में आने से लेकर पैदा होने व बड़ा होने तक अनुमन्य सुविधाएं खाद्यान्न, टीकाकरण, शिक्षा आदि के प्रबंध किये जाएं।
डीएम ने समिति के नये पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिनियम के संदर्भ में सार्थक सुझाव का स्वागत किया और नियमानुसार खाद्य सुरक्षा की व्यवस्था सुनिष्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला स्तर पर ब्लाक स्तर व ग्राम स्तर पर खाद्य एवं रसद विभाग की सतर्कता समितियों को क्रियाषील रखते हुए पात्रों को खाद्यान्न व अन्य अनुमन्य सामग्रियों की उपलब्धता करायी जाय। केंद्र व प्रदेश सरकार पात्रों को खाद्यान्न मुहैया कराने के लिए संजीदा है, लिहाजा खाद्यान्न आपूर्ति समय से करने की सभी व्यवस्थाएं की जाएं और परिषदीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के अलावा बाल विकास एवं पोषाहार विभाग द्वारा संचालित पौष्टिक आहार की व्यवस्था नियमानुसार की जाय।