सोनभद्र। यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाया जाएगा। जिले के कुछ क्षेत्रों में फ्लोराइड की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी। फ्लोराइड बड़ी समस्या है, इसे गंभीरता से लेकर कार्य किया जाएगा।
राजपुर गांव में एक निजी समारोह में हिस्सा लेने आए स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बुधवार को राबर्ट्सगंज के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार गरीबों के बेहतर उपचार के लिए तमाम योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के जरिए जरूरतमंदों का कार्ड बनाकर उन्हें पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार कराने की व्यवस्था दी जा रही है। यह पीड़ितों के लिए काफी मददगार योजना साबित हो रही है। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि पानी में फ्लोराइड की समस्या बड़ी है। इससे लोगों को निजात दिलाने के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी। रिमोट एरिया में एंबुलेंस न पहुंचने के सवाल पर कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से इससे वार्ता की जाएगी। क्योंकि एंबुलेंस सभी जगहों पर पहुंचे और सभी जरूरतमंदों को उसका लाभ मिले इस बात का पूरा प्रयास किया जा रहा है। शाहगंज: स्वास्थ मंत्री जय प्रताप सिंह बुधवार को राजपुर में राजा आभूषण ब्राह्म शाह के पुत्र कूंवर अभ्युदय ब्राह्म के तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री का प्रोटोकाल मिलते ही स्वास्थ विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। सीएमओ ने मंत्री के आगमन की खबर मिलते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वास्थ मंत्री करीब पांच घंटे राजपुर में रहे और देर शाम वापस हो गए।