सोनभद्र। सदर तहसील के एसडीएम यमुनाधर चौहान के निर्देश पर बुधवार को फोर्स के साथ नायब तहसीलदार तनुजा निगम ने बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के स्टांप के कई बकाएदारों के यहां छापेमारी की। उन्होंने एक बाकीदार का क्रशर प्लांट और दूसरे का जमीन को कुर्क कर दिया।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बकाया वसूली की समीक्षा करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों ने अभियान चलाकर स्टांप, बिजली, रायल्टी आदि के बाकीदारों की संपति कुर्क करने का निर्देश दिया था। नायब तहसीलदार तनुजा निगम ने बताया कि बारी डाला निवासी मनोज सिंह पर स्टांप का करीब 12 लाख 20 हजार 624 रुपये बकाया है। बकाया जमा न करने पर उनका क्रशर प्लांट कुर्क कर दिया गया। वहीं बिल्ली मारकुंडी निवासी श्रीनाथ पर स्टांप का 13 लाख 90 हजार 800 रुपये बकाया होने पर उनका करीब चार बीघा जमीन कुर्क किया गया है। कार्रवाई में संग्रह अमीन अमरेश पाठक आदि मौजूद रहे।