रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के मुुर्धवा के पास शनिवार की शाम हुई मुठभेड़ में पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह की हत्या में शामिल 50 हजार के इनामी आरोपी ब्रिकेश कुमार उर्फ विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक बदमाश हत्या की सुपारी का बकाया रुपये लेने के लिए जमुना सिंह के मकान पर जा रहा था। आरोपी के पास से असलहा, कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है। यह जानकारी रविवार को पिपरी थाना परिसर में एसपी आशीष श्रीवास्तव ने आरोपी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते हुए दी।
बताया कि 30 सितंबर की रात लगभग 10 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह की बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के बाद स्वाट टीम प्रभारी बृजेश सिंह, सर्विलांस टीम, पिपरी और अनपरा थानाध्यक्ष को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया था। शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि चेयरमैन हत्याकांड में आरोपी मुख्य शूटर मुर्धवा के समीप मौजूद हैं और वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की तो इसी दौरान एक युवक पुलिस कर्मियों पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की तो पता चला कि गिरफ्तार शूटर ब्रिकेश कुमार उर्फ विकास सिंह है। ब्रिकेश कुमार निवासी ग्राम सखरा थाना राजपुर जिला रोहतास बिहार ने नगर पंचायत अध्यक्ष की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नगर पंचायत अध्यक्ष की हत्या की सुपारी का बकाया रुपये लेने अन्य आरोपी जमुना सिंह के घर जा रहा था। उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बजाज पल्सर बाइक बरामद हुई।