घोरावल। उभ्भा कांड में फरार चल रहे आखिरी आरोपी मूर्तिया निवासी मुलायम को पुलिस ने बृहस्पतिवार को मिर्जापुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। एसपी ने उस पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
बता दें 17 जुलाई को मूर्तिया ग्राम पंचायत के उभ्भा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में 11 गोंड़ आदिवासियों की हत्या कर दी गई थी। इसमें 28 लोगों पर नामजद और 40 - 50 अज्ञात लोगों पर एससी-एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। मुख्य आरोपियों ग्राम प्रधान यज्ञदत्त सिंह, रेलवे कर्मचारी कोमल सिंह, निधिदत्त समेत तमाम आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार चल रहे 14 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने वारंट जारी किया था। प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडे ने बताया कि उभ्भा कांड में 69 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस 70वें आरोपी मुलायम की तलाश कर रही थी। पिछले सप्ताह कोर्ट के आदेश पर उसके घर मुनादी कराकर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई थी।
बताया कि बृहस्पतिवार को भोर में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उभ्भा कांड में फरार चल रहा आरोपी मुलायम उर्फ संतराम पुत्र दीनानाथ घोरावल मिर्जापुर बस स्टैंड पर मौजूद है। भोर में 05:30 बजे गिरफ्तार किया गया। बताया कि उभ्भा कांड में कुल 70 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके साथ ही उभ्भा कांड में अभी तक कुल 19 ट्रैक्टर, पांच असलहे व 12 लाठी डंडे बरामद किया जा चुका है।