सोनभद्र। जिले में दो दिन से लगातार हो रहे बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश से केकरारी क्षेत्र में तीन कच्चे मकान गिर गये। बारिश की वजह से एक तरफ अघोषित बिजली कटौती जारी रहीं तो दूसरी तरफ बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश के मद्देनजर शुक्रवार को जिला प्रशासन के निर्देशन पर कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय बंद रहे। वहीं दूसरी तरफ रिमझिम बारिश का सैलानियों ने पिकनिक स्पाटों पर खूब लुत्फ उठाया। बता दें कि जिले में बृहस्पतिवार से रुक रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। नालिया जाम होने से बारिश का पानी सड़को पर जमा रहा। शुक्रवार को अलसुबह से ही बारिश शुरू हुआ वह दोपहर बाद तक जारी रहा। इससे पूरी तरह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। पूरे दिन भगवान भाष्कर से दर्शन नहीं हुए। राबर्ट्सगंज नगर के सिविल लाइन रोड व नई बस्ती इलाके में बारिश का पानी कई घरों में जमा होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर के वक्त मारकुंडी इको प्वाइंट और मुक्खा फाल पर रिमझिम बारिश का सैलानी लुत्फ उठाएं। पिकनिक स्पाटों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।
कक्षा आठ तक बंद रहे विद्यालय
सोनभद्र। भारी बारिश से विद्यालय परिसरों में पानी जमा होने तथा तथा मौसम खराब होने से कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय बंद रहे। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के निर्देशन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा.गोरखनाथ पटेल ने कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी तरह के विद्यालय शुक्रवार को बंद रखने के निर्देश दिए।
बारिश से कई कच्चे घर गिरे
केकराही। लगातार हो रही बारिश से विकास खंड राबर्ट्सगंज के ग्राम पंचायत बबुराही में तीन कच्चे मकान गिर गये। गांव के रिंकू पुत्र रामलाल, चिरौजी देवी पत्नी लल्लू और इंद्रजीत पुत्र जैतराम का घर बृहस्पतिवार की रात में बारिश के दौरान गिर गया। इससे घर में रखा गया गेहूं, चावल, आटा दाल, चारपाई, विस्तर सब भींगने से बर्बाद हो गया। इंद्रजीत अपने भाई के घर में और रिंकू अपने एक दूसरे घर में ठिकाना पाये हैं। घर गिरने की सूचना से क्षेत्रीय लेखपाल को अवगत कराया गया है।