सोनभद्र जिले में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। हादसा वराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के बट गांव के पास हुआ।
सोनभद्र जिले के सुकृत चौकी क्षेत्र के बट कुआं के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों बट गांव से लोहरा की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से भाग गया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
बट गांव निवासी विजय पटेल (50) बाइक चला रहे थे। उनके पीछे राजेश उर्फ लोदी (35) बैठे थे। बताया गया कि दोनों बट से लोहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर को ओवरटेक करते समय हाइवा की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर सुकृत पुलिस भी पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
विज्ञापन
पुलिस ने राजेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। वहीं विजय की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार हाइवा की तलाश में पुलिस जुटी है।