घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के केवली गांव निवासी एक निजी कंपनी के इंजीनियर की कानपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं बीएससी का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार सुबह की है। दोनों लोग एक ही मोटरसाइकिल से दिल्ली से इलाहाबाद लौट रहे थे।
केवली निवासी अनुराग सिंह (25) पुत्र आत्मानंद सिंह इलाहाबाद में किसी निजी कंपनी में इंजीनियर की नौकरी करता था और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता था। केवली निवासी कन्हैया पाठक (23) पुत्र रामनरेश पाठक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीएससी (एग्रीकल्चर) फाइनल का छात्र था और वहीं रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों ने बताया कि अनुराग सिंह व कन्हैया पाठक दिल्ली से बुलेट खरीदने के बाद उसी बुलेट से इलाहाबाद के लिए वापस लौट रहे थे। कानपुर में जरौली चौकी के अंतर्गत हाइवे पर एक तेज रफ्तार कार ने बुलेट में टक्कर मार दी। कार से टक्कर के बाद बुलेट डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अनुराग व कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस दोनों को एलएलआर (हैलट) अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सक ने अनुराग सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं कन्हैया पाठक की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक व घायल की पहचान उनके पास से मिले परिचय पत्र व आधार कार्ड से हुई।
इनसेट......
परिवार वाले शव लेने के लिए कानपुर रवाना
घोरावल। कानपुर में हुए हादसे की जानकारी जब रविवार शाम परिजनों को मिली तो परिजनों समेत इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन हो गया। रविवार शाम अनुराग के पिता आत्मानंद सिंह और छोटा भाई आनंद मृतक का शव लेने कानपुर रवाना हो गए। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। वहीं गंभीर रूप से घायल कन्हैया के पिता व अन्य परिजन भी कानपुर रवाना हो गए। कन्हैया पाठक के पिता रामनरेश पाठक ने मोबाइल फोन पर बताया कि कन्हैया ने इंटरनेट पर एक पुरानी बुलेट देखा था, जिसे खरीदने के लिए वह कई दिनों से अपने पिता रामनरेश से जिद कर रहा था। कन्हैया व अनुराग ने परिजनों को यह नही बताया कि उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल दिल्ली से खरीदकर इलाहाबाद लाना है। रामनरेश पाठक ने उसे 80 हजार रुपये दिए, जिसके बाद अनुराग व कन्हैया बुलेट खरीदने दिल्ली चले गए।