सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा में आदर्श कृषि सहकारी समिति की जमीन को लेकर हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन ने सभी मठों व आश्रमों की जमीनों की जांच पड़ताल शुरू करा दी है। तीनों तहसील के एसडीएम से मठों व आश्रमों के नाम कितनी भूमि है और कितने हिस्से पर संबंधित मठों व आश्रमों का प्रबंधन काबिज है, इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अलावा अन्य जानकारी भी मांगी गई है।
उभ्भा गांव मेें 17 जुलाई को आदर्श कृषि सहकारी समिति की भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस विवाद में एक पक्ष के 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को सभी सहकारी समितियों की जमीनों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में प्रशासन आश्रमों व मठों की जमीनों की भी जांच कराने में जुट गया है। सदर, घोरावल और दुद्घी एसडीएम से उनके क्षेत्रों में कितने मठ व आश्रम हैं और किस आश्रम के नाम कितनी जमीन है तथा कितने क्षेत्रफल में बना है आदि के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम राजस्व कर्मियों के माध्यम से रिपोर्ट तैयार कराने में जुट गए हैं। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उपजिलाधिकारियों को अविलंब अपने-अपने क्षेत्र के मठों व आश्रमों की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया है।