सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार को घरवालों के साथ एक किशोरी अपने प्रेमी के घर पहुंच कर रहने की जिद पड़ अड़ गई, लेकिन युवक के घरवालों ने उसको रखने से इंकार कर दिया। इसको लेकर दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इसकी जानकारी होने पर पुलिस पहुंची तो विवाद करने वाले भागने लगे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य हमलावर अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। पूछताछ के बाद तीनों का चालान कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पूर्व राबर्ट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी संदिग्ध हाल में लापता हो गई थी। इस मामले में किशोरी के घरवालों की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू की गई तो किशोरी वापस अपने घर लौट गई। रविवार की शाम किशोरी परिजनों और अन्य लोगों के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंच कर रहने की बात कहने लगी। किशोरी का कहना था कि युवक उसको अपने साथ शादी करने का झांसा देकर ले गया था, इसलिए वह उसी के साथ रहेगी, लेकिन युवक के घरवाले किशोरी को अपने घर रखने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस दौरान किसी ने सौ नंबर घटना की जानकारी दे दी। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो विवाद करने वाले भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीन को पकड़ कर कोतवाली ले गई। कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि पकड़े गए प्रथम पक्ष के बच्चालाल, अरविंद और दूसरे पक्ष के रामविलास का चालान कर दिया । मारपीट में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। कहा कि किशोरी का मेडिकल मुआयना करा कर अन्य कार्यवाही की जाएगी।