सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास के लिए नए लाभार्थियों के दैनिक सर्वे में सोनभद्र सबसे आगे है। पिछले दो दिनों में यहां 3640 लाभार्थियों का सर्वे हुआ है। ब्लॉक स्तर की टीम गांवों में पहुंचकर सत्यापन भी कर रही है। लाभार्थियों से यह अपील भी की जा रही है कि किसी के भी बहकावे में न आएं। आवास योजना के नाम पर किसी को भी पैसे न दें। अगर कोई पैसे मांगता है तो इसकी सूचना दें।
हर परिवार को पक्की छत देने के लिए संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्व में हुए सर्वे से बड़ी संख्या में पात्र लोग चयन से वंचित रह गए थे। पात्रता के बावजूद उन्हें झुग्गी-झोपड़ी में रहना पड़ रहा है। ऐसे लोग लगातार पक्के आवास की मांग करते रहे हैं। वंचित लाभार्थियों के लिए सरकार ने आवास प्लस के तहत नए सिरे से सर्वे शुरू किया है। जिले के 621 ग्राम पंचायतों में अब तक 80416 लाभार्थियों का सर्वे हो चुका है। इसमें 66499 लाभार्थियों का सर्वे कर्मचारियों ने किया है, जबकि 13917 ने सेल्फ सर्वे किया है। पिछले दो दिनों में 3640 लाभार्थियों का सर्वे हुआ है। यह आंकड़ा पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा है। दूसरे नंबर पर 2792 सर्वे के साथ बहराइच है, जबकि प्रतापगढ़ तीसरे स्थान पर है। सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सभी बीडीओ, एडीओ सहित ब्लाक स्तरीय अन्य अधिकारियों को भी लगाया गया है। वह गांवों में जाकर सर्वे कार्य का सत्यापन भी कर रहे हैं। आईजीआरए पोर्टल पर आवास के लिए आने वाली शिकायतों और जीरो पॉवर्टी के तहत चयनित परिवारों को भी सर्वे में शामिल किया जा रहा है। इस दौरान लाभार्थियों से यह अपील भी की जा रही है कि वह किसी को भी पैसे न दें। सर्वे का कार्य पूरी तरह निशुल्क है। अगर कोई इसमें गड़बड़ी करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई भी होगी।
-
वर्जन...
आवास योजना के लिए सर्वे का कार्य 31 मार्च तक चलना है। अब तक 80416 लाभार्थियों का सर्वे हुआ है। पारदर्शिता के लिए गांवों में अधिकारियों की टीम भेजकर सत्यापन भी कराया जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया निशुल्क है। आवास के नाम पर कोई पैसा मांगता है तो उसकी तत्काल शिकायत करें। -हेमंत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी।
-
बीडीओ ने गांवों में जाकर किया लाभार्थियों का सत्यापन
घोरावल। घोरावल ब्लॉक के 108 ग्राम पंचायतों में करीब 8500 आवासों के सर्वे कार्य हो चुका है। बीडीओ नितिन कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक की टीम ने मुंगेहरी ग्राम पंचायत के केवली मयदेवली गांव में शुक्रवार को सर्वे कार्य का सत्यापन किया। बीडीओ ने बताया कि अब तक शिवद्वार, सतद्वारी, बिसरेखी, रेही, घुवास, परसौना, कन्हारी, केवटा, गुरुवल, धनावल, सोतील, मिझून, खरूआंव, डोमखरी, डिबर, ओडहथा, डाभा, ईनम, कोहरथा, भरकना, देवगढ़ समेत ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों में 8500 प्रधानमंत्री आवासों के लिए सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। शासन का लक्ष्य है कि अगले अगले 5 वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में सभी पात्र लोगों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सभी गांवों में तेजी से सर्वे कार्य चल रहा है। सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों को पारदर्शितापूर्ण तरीके से सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।