चकरिया में भी 23 हेक्टेयर में निकलेगा सोना
हाल ही में गुड़हर के पास चकरिया ग्राम पंचायत में भी सोना निकालने के लिए खनन को मंजूरी मिली है। यहां 23 हेक्टेयर क्षेत्र में खनन होगा। इसका ठेका गरिमा नेचुरल रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड को पांच वर्ष के लिए मिला है। कंपनी इस अवधि में 18,356 टन अयस्क की खोदाई कर उससे सोना निकालेगी। चकरिया का गोल्ड ब्लॉक भी यूपी सीमा से सटा हुआ है। यूपी-एमपी को बांटने वाला रेलवे का करेला रोड जंक्शन भी चकरिया में ही है।
यहां भी तलाशी जा रही सोने की संभावना
गुड़हर और चकरिया के अलावा चार अन्य ब्लॉक में भी सोने की संभावना तलाशी जा रही है। इनमें चितरंगी, अमलिहवा, सोनकुड़वा, दूधमनिया शामिल हैं। अमलिहवा और सोनकुड़वा में सर्वे प्रक्रिया जारी है। बता दें कि इससे पहले सोनभद्र जिले में हरदी और सोनपहाड़ी में भी गोल्ड ब्लॉक चिह्नित किए गए थे लेकिन प्रारंभिक सर्वे में अपेक्षित परिणाम न मिलने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। यहां एमपी सीमा पर स्थित म्योरपुर ब्लॉक के धुर्वाह में कुंदन ग्रुप सर्वे कार्य पिछले डेढ़ वर्ष से कर रहा है।
जनवरी-फरवरी में खनन शुरू करने का लक्ष्य
गुड़हर पहाड़ी पर जनवरी-फरवरी में खनन कार्य शुरू करने का लक्ष्य है। खनन की अनुमति मिल चुकी है। फॉरेस्ट क्लीयरेंस के लिए प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव भेजा गया है। कुछ हिस्से से अतिक्रमण हटाया जाना है और सड़क को डायवर्ट किया जाना है। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। -संजय विश्वकर्मा, एडमिन एक्जीक्यूटिव, कुंदन गोल्ड माइंस।
दो गोल्ड ब्लॉक का टेंडर हो चुका है। चार अन्य ब्लॉकों की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई है। जल्द ही इस पर निर्णय होने की संभावना है। गुड़हर में कुछ औपचारिकताओं के बाद इस साल के अंत तक खनन शुरू करने की स्थिति बन जाएगी। इसके बाद 2027 से खनन कार्य आरंभ होने की उम्मीद है। - अशोक शर्मा, खनन निरीक्षक, सिंगरौली।