सोनभद्र। अमवार में कनहर विस्थापितों के लिए अब चार नए ब्लॉक का निर्माण करवाने के लिए सिंचाई विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। इसमें कनहर विस्थापितों को पुनर्वासित करने के लिए 913 प्लॉट विकसित किये जाएंगे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो जून तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इससे डूब क्षेत्र में बचे विस्थापितों को भी प्लॉट आवंटित किया जा सकेगा। इन चार ब्लाकों के निर्माण के बाद विस्थापितों के पुनर्वासित करने के लिए कुल 3719 कुल प्लॉट विकसित हो जाएंगे।
सिंचाई विभाग खंड तीन के अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि विभाग के 2014- 15 के एग्रीमेंट के अनुसार इन चार ब्लॉकों जे, के, एल, एम को पूर्णत: विकसित करने जिम्मा एचईएस कंपनी को सौंपा गया है। जून माह के बाद से और बरसात से पूर्व इन 913 प्लाटों को कनहर विस्थापितों को एलॉट किया जाएगा, जिससे इस बरसात से पूर्व उन्हें डूब क्षेत्र से हटाने के बाद वे यहां पुनर्वासित हो सके। इन ब्लॉकों में प्लॉटों के बीच सड़क, नाली खेलने के लिए पार्क व पीने का पानी समुचित व्यवस्था की जाएगी।