सोनभद्र। कोरोना महामारी के मद्देनजर जिला प्रशासन की तरफ से इस साल पटाखे की नई दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा। पुराने दुकानदार ही लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकेंगे। बगैर लाइसेंस के पटाखा बेचने वाल ं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस साल दीपावली पर पटाखा की दुकान लगाने वालों की संख्या कम है। अभी दस प्रतिशत भी आवेदन नहीं प्राप्त हुए हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले साल जिले भर में करीब 165 व्यवसायियों को पटाखा बेचने का लाइसेंस जिला प्रशासन की तरफ से जारी किया गया था। अकेले राबर्ट्सगंज में हर साल 20 से 25 व्यवसायियों को लाइसेंस होता है। राबर्ट्सगंज में पटाखा बिक्री करने वाले राहुल केशरी, जितेन्द्र और संजय कुमार का कहना है कि वे हर साल धनतेरस के एक दिन पहले से पटाखा की दुकान लगाते हैं। कोरोना महामारी को देखते हुए इस साल अभी तक आवेदन नहीं किए हैं। एक-दो दिन में लाइसेंस रेन्युअल के लिए आवेदन किया जाएगा। प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइन के अनुसार पटाखे की दुकान संचालित की जाएगी। वहीं इस संबंध में आयुध लिपिक अमूल्य वर्मा का कहना है कि इस साल पटाखा की दुकान लगाने केे लिए नया लाइसेंस निर्गत नहीं किया जा रहा है। पिछले साल दुकान लगाए व्यवसायी ही दुकान लगाने केे लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल कुल करीब 165 व्यवसायियों ने आवेदन किया था। इसके सापेक्ष अभी तक सिर्फ 10 से 15 आवेदन ही आये हैं। जबकि दीपावली का त्योहार नजदीक है।