सोनभद्र। भारतीय वन सर्वेक्षण देहरादून की दो सदस्यीय टीम की तरफ से जिले के वन मानचित्र के भू-भाग के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को टीम ओबरा वन प्रभाग के डाला रेंज में सत्यापन कार्य करने में जुटी रही। जनपद में वनों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए भारतीय वन सर्वेक्षण विभाग देहरादून से सीनियर तकनीकी सहायक चंद्रमोहन सिंह विष्ट और तकनीकी सहायक शोविक विश्वास क्षेत्र के वनों की स्थिति का आंकलन मौके पर जाकर किया जा रहा है।
टीम का कहना है कि अब तक प्रदेे के गोंडा, खिरी, नजिमाबाद, पिलीभीत, इलाहाबाद, बहराईच, प्रतापगढ़, वाराणसी, चंदौली जिले में और सोनभद्र के रेेणुकूट वन प्रभाग में अनपरा, खाड़ पाथर, म्योरपुर, शक्तिनगर, खड़िया, ककरी, बीना, विंढमगंज, हरना कछार, देवपुरा व ओबरा वन प्रभाग के डाला, बग्घानाला, लक्ष्मण नगर, परसोई, बैरपुर, चैनाटोला, मालोघाट, मकरीबारी, रामपुर-बरकोनिया व विजयगढ़ क्षेत्र में भू-सत्यापन का कार्य किया जा चुका है। इसके बाद टीम मिर्जापुर चली जाएगी। टीम चार बिंदुओं पर सत्यापन कर रही है। इसमें वनों का घनत्व, वनावरण (घटा या बढ़ा), वन क्षेत्रों में परिवर्तन व वनाअग्नि पर भी रिपोर्ट तैयार की जाती है। समय-समय पर वनों में होने वाले आगजनी की घटनाओं की भी जानकारी अक्षांश व देशांतर के साथ उपलब्ध कराया जाता है। ताकि जल्द अग्नि पर काबू पाया जा सके और आग द्वारा वनों को होने वाले नुकसान को बचाया जा सके। इसकी रिपोर्ट तैयार कर टीम केंद्र सरकार के पर्यावरण वन एवं जलवायु मंत्रालय को देगी। टीम के साथ डाला रेंज के वन दरोगा दिनेश यादव, रमेश पांडेय, त्रिलोकी दुबे आदि रहे।