करमा में मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी ट्राफी के साथ। -स्रोत: संस्थान।
करमा। क्षेत्र के कलावती देवी शिक्षण संस्थान, पगिया में शनिवार को मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें मंडल के तीनों जिलों के खिलाड़ियों ने दमखम खिाया। जूनियर, सब जूनियर और सीनियर वर्ग की बालक-बालिका टीमों के बीच मुकाबले हुए। सीनियर वर्ग में मिर्जापुर को पछाड़ कर सोनभद्र चैंपियन बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जेडी मिर्जापुर के प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण सिंह और प्रबंधक सुनील कुमार ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें निखारने की है। इसके बाद सीनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सोनभद्र ने मिर्जापुर को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग में भी सोनभद्र की टीम ने 34 अंक हासिल कर मिर्जापुर को 14 अंकों से हराकर खिताब जीत लिया।
जूनियर बालक वर्ग में मिर्जापुर की टीम विजेता रही, जबकि भदोही को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। सब-जूनियर बालक वर्ग में भदोही ने 26 अंक अर्जित कर सोनभद्र को हराया। सब-जूनियर बालिका वर्ग में मिर्जापुर ने सोनभद्र को पछाड़ते हुए खिताब जीता। समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए।इस मौके पर रामफल मौर्य, प्रधानाचार्य संतोष कुमार बौद्ध, हूबलाल, राजवन सिंह पटेल, सुनील कुमार राव, चंद्रबली सिंह, सतीश कुमार सिंह, कोमल प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।
मंडलीय सचिव राजवन सिंह पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता से चयनित 16 खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय मुकाबले में खेलने का मौका मिलेगा। 5 से 7 अक्तूबर तक जीआईसी अयोध्या और 7 से 9 अक्तूबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर इंटर कॉलेज अयोध्या में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।