सोनभद्र। अपना दल कमेरा वादी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजवन पटेल के जनपद आगमन पर बैडाड़, इमलीपुर, शाहगंज पटेल तिराहा, धर्मशाला चौक, स्वर्ण जयंती चौक व सिंचाई डाक बंगला पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सिंचाई डाक बंगला पर पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने देश की सबसे बड़े आबादी वाले प्रदेश की कमान सौंपकर जो विश्वास मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर किया है, उस पर पूरे संकल्प के साथ खरा उतरने की कोशिश करूंगा।
किसान, कमेरा समाज के होठों पर मुस्कान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पत्रकारिता से जुड़े योद्धाओं को सम्मान दिलाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। अपना दल राष्ट्रीय कृषि आयोग बनाने, किसानों की उपज को स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार समर्थन मूल्य घोषित करने, कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना करने, लघु एवं कुटीर उद्योग की स्थापना करने की मांग कर रहा है। पूरे देश में एक तरह की शिक्षा व्यवस्था करने, स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने, सुरक्षा कर्मियों सहित सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से आच्छादित करने, मतदाता पेंशन को लागू करने, अधिवक्ताओं को सम्मानजनक मानदेय देने का मुद्दा भी पार्टी का रहा है और इसे हर हाल में पूरा कराया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ई. सीवी सिंह पटेल, रमाशंकर पटेल, गंगेश्वर पटेल, जीरा देवी, शिव पटेल, राजेश जायसवाल, शांति भारती, गोपाल मौजूद रहे।