सोनभद्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते असर को कम करने के लिए 35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू शुरू किया गया है। शनिवार की रात आठ बजे से सोमवार की सुबह सात बजे तक चलने वाले इस कर्फ्यू का असर भी दिखा। राबर्ट्सगंज शहर में रविवार सुबह से ही सन्नाटा रहा। बाजार बंद रहे और आवागमन भी केवल उन्हीं लोगों ने किया जिन्हें जरूरी काम रहा।
जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को जारी कोरोना बुलेनिट के अनुसार बीते 24 घंटे के भीतर एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 343 नए संक्रमित मिले। रिपोर्ट के अनुसार कुल 54 लोग स्वस्थ होकर घर गए। अब तक कुल स्वस्थ होने वालों की संख्या 5213 हो चुकी है। जिले में सक्रिय केस की संख्या अब 1934 हो गई है।
बढ़ते मरीजों की संख्या में कमी लाने और कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू शुरू किया गया है। रविवार को राबर्ट्सगंज में सबसे व्यस्त रहने वाले बढ़ौली चौक और मेन चौक पर चाय-पान तक की दुकानें बंद रहीं। यहीं हाल ओबरा, चोपन और दुद्धी का भी रहा।