राबट्सगंज कोतवाली में लूट की फर्जी सूचना देने के आरोपी।स्रोत पुलिस
सोनभद्र। डाककर्मी ने विभाग की बचत योजनाओं में जमा की जाने वाली 1.69 लाख की राशि डकार ली। सुअरसोत खुर्द स्थित डाकघर के जरिए खातों में जमा होने वाली धनराशि एक महीने से विभाग में न जमा होने की जानकारी सामने आई तो अफसरों के कान खड़े हो गए। धनराशि जमा करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने जब छानबीन की तो सच्चाई सामने आई। प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हरियाणा के नूह जिले के चितोरा, पोस्ट मंडी खेरा निवासी वाजिद नगवां ब्लाॅक के सुअरसोत खुर्द स्थित डाकघर में कार्यरत था। बुधवार की शाम उसने राॅबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी कि दोपहर में वह सुअरसोत खुर्द शाखा से आ रहा था। मरकरी पुल के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और भाग गए। जब पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मामला लूट का नहीं, गबन का है। निरीक्षक डाकघर रॉबर्ट्सगंज उपमंडल अंजनी कुमार राय से पुलिस ने जानकारी की तो उन्होंने बताया कि वाजिद ने 169387 रुपये का गबन किया है।
धनराशि हड़पने के बाद खुद को बचाने के लिए उसने लूट की कहानी गढ़ते हुए पुलिस को झूठी सूचना दी। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी का चालान कर दिया गया।