चोपन घाट पर सोमवार की शाम सोन नदी का जलस्तर 170.15 मीटर दर्ज किया गया।
चोपन। मप्र में स्थित बाणसागर बांध का गेट खोलकर सोन नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने का असर दिखने लगा है। बाणसागर के अलावा ओबरा बांध से भी पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
सोमवार की शाम छह बजे चोपन घाट पर नदी का जलस्तर 170.15 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 171 मीटर से सिर्फ 85 सेमी दूर है। नदी में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। यही स्थिति रही तो मंगलवार तक नदी के खतरे का निशान पार करने की संभावना जताई जा रही है।
इसके मद्देनजर नदी के तटवर्ती गांवों में प्रशासन की टीमें ग्रामीणों को जागरूक करने में जुट गई है। बता दें कि बाणसागर बांध के सोमवार को छह गेट से करीब 2500 क्यूमेक्स पानी (प्रति सेकंड 2500 घन मीटर) सोन नदी में छोड़ा गया है। संवाद