अनपरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के अनपरा बाजार स्थित सिनेमा रोड पर रविवार को पिता-पुत्र के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। किसी बात से नाराज पिता ने बेटे पर लाठी चला दी। इसके बाद बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर पिता की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। पिता-पुत्र दोनों ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
सुखाड़ी महतो नगर पंचायत अनपरा क्षेत्र के सिनेमा रोड पर वार्ड 12 में परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की सुबह छह बजे उनका बेटा उपेंद्र मेहता अपने दोस्त गुड्डू मेहता के साथ घर की छत पर बने टिन शेड पर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि सुखाड़ी ने दोनों को वहां से हटने के लिए कहा। जब वह नहीं हटे तो ऊपर पहुंच गए और बेटे पर लाठी चला दी। इसके बाद बेटे और उसके दोस्त ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। पिता ने तहरीर में गला दबाने और सीने पर चढ़कर पीटने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। उन्हें हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।