घोरावल तहसील क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बीते चौबीस घंटों में सर्पदंश तथा विषैले जंतुओं के काटने से 6 लोग अचेत हो गए। सभी को ख़िरीहिटा गांव में जड़ी बूटियों से उपचार करने वाले एक वैद्य के यहां भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार पहली घटना में संतोषी (18) पत्नी गोलू निवासी तिलौली कला को घास काटने के दौरान हाथ में सर्प ने डस लिया। जिससे वह अचेत हो गई। वहीं दूसरी घटना में मिथिलेश (32) पुत्र उमाशंकर निवासी खोराडीह थाना करमा को लकड़ी उठाते समय सर्प ने डस लिया, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। इसी प्रकार रामप्रताप (75) पुत्र रामधीन निवासी गड़मा को रात में सोते समय हाथ में सर्प ने डस लिया। अरुण कुमार (14) पुत्र कृष्ण कुमार पाल निवासी खगिया को बकरी चराने गया था,जहां उसके हाथ में सर्प ने डस लिया। रमिता (35) पत्नी छोटे निवासी गुरुवल को घास काटने के दौरान हाथ में चीतर ने काट लिया। रघुनंदन (3) पुत्र सियाराम को खेलते समय कोई विषैला सांप डस लिया। परिजनों ने इन सभी का उपचार ख़िरीहिटा गांव में वैद्य देवधारी के यहां कराया, जहां सभी की तबीयत में सुधार बताया गया।