रानीतारा पोखरे के पास शुक्रवार को पुलिस ने घेराबंदी कर तीन पिकअप में ले जाए जा रहे 21 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। छह तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से दो अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ गोवध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। पुलिस ने वाहनों को भी सीज कर दिया है।
शुक्रवार को घोरावल सीओ प्रदीप सिंह चंदेल को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि करमा थाना क्षेत्र के रानीतारा पोखरे के पास से तीन पिकअप में मवेशियों भरकर बिहार ले जाने की तैयारी है। सीओ के निर्देश पर फोर्स के साथ थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद उधर से तीन पिकअप गुजरने लगी। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को रुकने का इशारा किया तो चालकों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए बिहार के भभुआ जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी सेराजुद्दीन उर्फ सेराज, भगवान सिंह यादव, केवा गांव निवासी निशार शाह, भभुआ निवासी मो. आजाद, चंदौली के सैय्यदराजा निवासी सेराज शाह उर्फ छोटक और हंसलाल खरवार निवासी पड़री के कब्जे से 21 मवेशियों को मुक्त कराया गया है। दो तस्करों के पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए गो तस्करों का चालान कर दिया गया। पुलिस टीम में एएसआई विनोद कुमार यादव, दारोगा शेषनाथ यादव, हेड कांस्टेबल योगेंद्र नाथ उपाध्याय, मनिराम सिंह, वाजिद अली, आरक्षी शशि बेनवंशी, प्रमोद कुशवाहा, रोहित यादव शामिल रहे।