सोनभद्र और मिर्जापुर में मंगलवार को बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर छह लोगों की मौत हो गई। एक बालक की मौत हो गई ए गंभीर रूप से झुलस गया। सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के छत्रपति साहू जी महाराज इंटर कॉलेज प्रांगण में मंगलवार को दोपहर बाद बिजली की चपेट में आने से छात्र अमित कुमार (10) की मौत हो गई। डोरिया गांव निवासी गंगा मौर्या की तीन बेटियों के बाद इकलौता बेटा अमित कुमार छत्रपति साहू जी महाराज इंटर कॉलेज में कक्षा-तीन का छात्र था।
प्रधानाचार्य कैलाश सिंह ने बताया कि विद्यालय प्रांगण में दोपहर बाद एक बजे लंच के समय सभी छात्र खेल रहे थे, कि अचानक बिजली गिरी और चपेट में आने से अमित की मौत हो गई। गनीमत यही रही कि अन्य छात्र कुछ दूर थे जो बाल-बाल बच गए, अन्यथा बड़ी घटना हो जाती। अमित को तत्काल वैनी सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर राकेश कुमार मौर्या ने मृत घोषित कर दिया। रायपुर थाने के नायब दरोगा स्वामी नाथ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इसी तरह से मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के बोड़र कला गांव निवासी जगनारायण (50) गाय चराने सिवान में गया था। तभी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गरज के साथ बिजली गिर पड़ी। उसकी चपेट में आए जग नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। कनौही राजा गांव निवासी लालता (58) पुत्र चतुराई व भोला शर्मा (65) मंगलवार की दोपहर दो बजे सिवान में पशु चरा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिरी जिससे दोनों ने वहीं दम तोड़ दिया।
भेड़ा गांव निवासी कक्षा 5 का छात्र शिवम (10) पुत्र शिवमंगल तीन बजे छुट्टी होने पर विद्यालय से घर जा रहा था कि अचानक उस पर बिजली गिर पड़ी। परिवारवाले उसे सीएचसी लालगंज ले गए। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार विंध्याचल थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिवशंकर (30) व बृजभान (10) पुत्र रामअवतार दोपहर तीन बजे सिवान में बकरी चरा रहे थे कि बिजली गिर पड़ी। जिससे शिवशंकर की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि बृजभान गंभीर रूप से झुलस गया। उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।