सोनभद्र। सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा की गई। ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर 15 दिनों के अंदर साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। मारकुंडी घाटी के नीचे सड़कों पर हाईमास्ट लाइट लगवाने को भी कहा।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि नारायनपुर से हाथीनाला सड़क की मरम्मत व गुणवत्ता बेहतर करने के लिए शासन को पत्राचार किया जाय। उन्होंने एसीपी टोल प्लाजा व पीडब्ल्यूडी को निर्देशित करते हुए कहा कि ब्लैक स्पाॅट वाले स्थलों पर 15 दिनों में साइनेज बोर्ड लगवाएं। एसीपी टोल प्लाजा को निर्देशित करते हुए कहा कि मारकुंडी घाटी के नीचे सड़कों पर हाईमास्ट लाइट लगाने की व्यवस्था जल्द से जल्द करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों के किनारे स्थापित अस्पतालों की सूची बना लें। उन अस्पतालों में संबंधित थाने में जानकारी उपलब्ध कराई जाय कि दुर्घटना होने पर घायलों को नजदीक के किस अस्पताल में ले जाएं जिससे कम समय में बेहतर इलाज मिल सके। इस जानकारी के संबंध में एक निर्धारित दूरी पर साइनेज बोर्ड भी लगाया जाय। मानक के अनुरूप सड़क सुरक्षा का कार्य करते हुए इसकी निरंतर जांच भी कराई जाय। स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम करने के साथ ही उनसे संबद्ध वाहनों का फिटनेस और वाहन चालकों का परीक्षण नियमित रूप से कराया जा। बैठक में एक्सईएन पीडब्ल्यूडी शैलेंद्र सिंह, एआरटीओ धनवीर यादव, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।