ओबरा। ओबरा डैम रेलवे स्टेशन के सिंक लाइन पर सोमवार की दोपहर में एक मालगाड़ी में बैगन जोड़ने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से एक शंट मैन का दोनों पैर कट गया। उसकी गंभीर स्थिति देख रेलवे कर्मचारियों ने वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
चीफ यार्ड मास्टर जीएन मिश्रा ने बताया कि दोपहर लगभग एक बजे ओबरा कॉलोनी के सेक्टर-10 निवासी शंट मैन अशोक कुमार (50) ओबरा डैम स्टेशन के सिंक लाइन पर एक मालगाड़ी से खराब बैगन निकालकर फिट बैगन जोड़ रहा था। इस दौरान अज्ञात कारणों से मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे दोनों पैर कट जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति अल्लापुर, प्रयागराज का मूल निवासी बताया जाता है। घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों सहित परिजनों को दे दी गई है।