महुली (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के फुलवार गांव निवासी हीरालाल पुत्र बाबूलाल (42) की पेट में दर्द होने से मौत हो गई। मृतक दुद्धी ब्लाक के घिचोरवा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात थे।
परिजनों ने बताया कि शनिवार को उन्हें दोपहर में पेट दर्द होने पर दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दिए थे। शाम को परिजन उन्हें घर लेकर चले गए। रात में करीब नौ बजे अचानक उनके पेट में दर्द होने लगा। पीड़ा बढ़ने पर परिवार वाले उन्हें पुन: सीएचसी ला रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक की चार बेटियां एवं एक बेटा हैं। शिक्षामित्र की मौत की खबर सुनते ही परिचितों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। उधर, घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया। मलिया नदी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।