दुद्धी विकास खंड के फुलवार गांव में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को मौर्या क्रिकेट क्लब डूमरडीहा की टीम ने जय मां काली क्रिकेट क्लब दुद्धी को 118 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। छह गेंदों पर लगातार छह छक्के लगाकर शशि मैन ऑफ द मैच बने।
टॉस जीतकर डूमरडीहा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित बारह ओवर में सात विकेट खोकर 244 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दुद्धी की टीम 9.3 ओवर में 126 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस तरह डूमरडीहा ने दुद्धी को 118 रनों से हराकर अगले चक्र में अपनी जगह पक्की कर ली। बारह छक्के और तीन चौके की मदद से डूमरडीहा के खिलाड़ी शशि मौर्य ने नाबाद 126 रन बनाए और मैन आफ दी मैच रहे। शशि ने लगातार छह गेंद पर छ: छक्का जड़कर खेल मैदान का रिकॉर्ड कायम कर दिया।