फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज आंधी-पानी में कई पेड़ जमींदोज, मकान क्षतिग्रस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। जिले में मंगलवार की रात तेज आंधी-पानी ने जमकर तबाही मचाई। आंधी में कई पेड़ जमींदोज हो गए। बारिश से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली तो दूसरी तरफ गेहूं, चना, जौ की फसलों को नुकसान पहुंचा है। रेणुकूट में पीपल का पेड़ गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया और लोग बाल-बाल बचे। वहीं दुद्धी क्षेत्र में 33 हजार वोल्ट का तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित रहीं। घोरावल क्षेत्र के भी कई गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप रही। बुधवार को भी दोपहर तीन बजे बाद से आसमान में बादल छाएं रहे। शाम चार बजे के बाद राबट्र्सगंज, चुर्क के साथ जिले में आंधी के साथ चौतरफा बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया।
विज्ञापन

रेणुकूट: नगर व आसपास के क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम तेज आंधी से पिपरी, रेणुकूट व मुद्र्धवा क्षेत्र में कई घरों के टीन शेड उड़कर जहां-तहां चले गए। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पिपरी में हनुमान मंदिर के समीप एक घर पर विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया जिससे घर में रह रहे लोग बाल-बाल बच गए। पिपरी वार्ड 10 के सतीश पाठक ने बताया कि आंधी में विशालकाय पीपल का पेड़ उनके घर पर ही गिर पड़ा जिससे उनका डी टाइप का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घर मे रखा चौकी, बेड, दरवाजा, साइकिल व अन्य कई सामान टूट गए। जिस समय पेड़ गिरा घर में उस समय उनकी पत्नी व बच्चे भी मौजूद थे, जो बाल बाल बच गए। मुख्य बाजार में स्थित शॉपिंग मॉल कॉप्स मेगा मार्ट में लगा शीशा भी तेज आंधी में भरभरा कर गिर गया, इससे माल के तीसरे तल पर रखा कपड़ा व अन्य काफी सामान खराब हो गया। मॉल के एरिया मैनेजर निरंजन उपाध्याय ने बताया कि आंधी से कई लाख की क्षति हो गई।
दुद्धी: मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे तेज आंधी के साथ घंटे भर बरसात हुई। तेज आंधी के साथ बरसात होने से 33 हजार पावर लाइन पर कई जगह दुद्धी रनटोला के जंगल में तार पर पेड़ गिर जाने से आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई। वहीं कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के तार पर भी पेड़ गिर गए, जिसके चलते भी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गया है। पावर कॉर्पोरेशन के सहायक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि रनटोला दुद्धी के जंगलों में पेट्रोलिंग कर 33 हजार लाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है और 11 हजार लाइन को भी दुरुस्त किए जाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अमवार चौकी क्षेत्र के ईश्वर निराला बाजार में पेड़ गिरने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गये। ग्राम प्रधान ईश्वर प्रसाद निराला ने बताया कि कांशीराम के इलेक्ट्रॉनिक के दुकान पर पेड़ गिर गया। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनिता गुप्ता व सुगवामान के लेखपाल संतोष दुबे ने संयुक्त रूप से क्षतिपूर्ति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपने की बात कहीं।
विज्ञापन

घोरावल: नगर एवं आस पास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार रात तेज हवा के साथ हुई बारिश से एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं गेहूं,चना, जौ की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण इलाकों के दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। किसान ब्रह्मदीन, रामअनुजधर द्विवेदी, सुरेश, मनोज चौबे, शिवनाथ बैसवार, दिलीप मिश्रा, सर्वेश शुक्ला आदि का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में तमाम किसानों ने गेहूं, जौ, चना की फसल काटकर खेत व खलिहान में रखा था। बारिश होने से खलिहान में रखी इन फसलों को भींगने से नुकसान पहुंचा है। वहीं खेत पशुओं के चारे भूसा को भी क्षति पहुंची है।
कोन: क्षेत्र में मंगलवार की रात आंधी पानी से डाला से कोन सब स्टेशन आ रही विद्युत सप्लाई बंद हो गई। इससे क्षेत्र के कई गांवों में रात से ही आपूर्ति बाधित है। विद्युत कर्मचारी बुधवार को मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
चोपन/डाला: तेज आंधी-पानी के दौरान क्षेत्र में मंगलवार की रात कई पेड़ गिरे और कई घरो के टीन-छप्पर उड़ गये। बदले मौसम के मिजाज से दो-तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बुधवार को भी क्षेत्र में बारिश हुई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुई। चोपन ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के साथ ओला भी पड़ा।
ट्रांसमिशन काम होने से आपूर्ति रहीं ठप
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के छपका स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास बुधवार को ट्रांसमिशन का काम होने से राबर्ट्सगंज नगर की विद्युत आपूर्ति ठप रही। एसडीओ बिजली वीके सिंह ने बताया कि ट्रांसमिशन के काम के लिए आपूर्ति रोकी गई है। काम पूरा होने पर आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें